भारत टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। एडिलेड में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 168 रन बनाए। कुछ खिलाड़ी उभर कर सामने आए, तो विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाज ने अपना फॉर्म हासिल किया।
विराट कोहली का फॉर्म में लौटना
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली फॉर्म में लौट चुके हैं। नवंबर 2019 के बाद से कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक बनाने के लिए जूझ रहे थे। हालांकि, इस साल सितंबर में एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाने के बाद कोहली टी20 वर्ल्ड कप अलग ही रंग में नजर आए। पाकिस्तान के खिलाफ कोहली ने अपने दम पर मैच जिताया। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने छह मैचों में 98.66 की औसत और 136.40 के स्ट्राइक रेट से 296 रन बनाए। छह में से चार मैचों में कोहली ने अर्धशतक जमाया। फिलहाल इस वर्ल्ड कप में उनसे ज्यादा रन बनाने के लिए बाकी बल्लेबाजों को जूझना होगा।
भारत को मिला नया सितारा ‘अर्शदीप सिंह’
एक तरफ जहां बाकी टीमों के गेंदबाज उन्हें मैच जिता रहे थे, वहीं टीम इंडिया की गेंदबाजी इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं रही है।अर्शदीप इस विश्व कप में भारत के सबसे बड़े उभरते सितारे बनकर सामने आए हैं। उन्होंने छह मैचों में 10 विकेट निकाले और उनकी इकोनॉमी 7.80 की रही। यह इकोनॉमी इसलिए खास है क्योंकि उनसे डेथ ओवर्स में गेंदबाजी कराई गई। अर्शदीप में वह सारी खूबियां दिखीं जो कभी जहीर खान में थी।
3. हार्दिक पांड्या की सूझबूझ
2022 आईपीएल से पहले तक हार्दिक की छवि मैदान पर जाने और टीम इंडिया के लिए ताबड़तोड़ पारी खेलने की थी। आईपीएल में गुजरात टाइटंस फ्रेंचाइजी के कप्तान बनने के बाद से हार्दिक में गजब का बदलाव देखने को मिला है।पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक ने विराट कोहली के साथ मिलकर मुश्किल परिस्थिति से निकाला। उन्होंने 40 रन की धीमी मगर उपयोगी पारी खेली। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी हार्दिक ने पहले धीमी पारी खेली। हार्दिक ने इस विश्व कप में छह मैचों में 131.95 के स्ट्राइक रेट से 128 रन बनाए। साथ ही आठ विकेट भी लिए।
स्पिनर्स नहीं दिखे दमदार
भारतीय टीम विश्व कप के लिए तीन स्पिनर्स को लेकर गई थी। इनमें युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल शामिल हैं।अश्विन ने 8.15 की इकोनॉमी से रन लुटाए। वहीं, अक्षर पटेल को छह में से पांच मैचों में खेलने का मौका मिला। उनका प्रदर्शन तो और खराब रहा। अक्षर ने पांच मैचों में तीन विकेट लिए।
रोहित शर्मा और केएल राहुल फेल रहे
टीम इंडिया को इस विश्व कप में सबसे ज्यादा नुकसान कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल के नहीं चलने से हुआ है।राहुल का बल्ला जहां बांग्लादेश और जिम्बाब्वे जैसी कमजोर टीमों के खिलाफ चला तो रोहित का बल्ला नीदरलैंड के खिलाफ चला। इसके अलावा अन्य टीमों के खिलाफ दोनों एकसाथ फ्लॉप रहे।भारतीय टीम की बल्लेबाजी इस वर्ल्ड कप में सिर्फ विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या पर टिकी रही।


More Stories
Supreme Court Allows Green Firecrackers in Delhi-NCR on November 7-8, Full Ban Returns From November 9
जज बनकर न्यायिक अधिकारी को धमकाने वाले सुकेश चंद्रशेखर को सुप्रीम कोर्ट से झटका, सजा पर रोक लगाने की याचिका खारिज
SC disposes of Ram Temple embezzlement petitions after Uttar Pradesh says charge sheet filed