आईसीसी ने 2026 की ताजा मेंस वनडे रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डैरिल मिचेल ने भारतीय दिग्गज विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए आईसीसी वनडे बैटर्स रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन का उन्हें सीधा फायदा मिला है।
डैरिल मिचेल के बल्ले ने बदली रैंकिंग की तस्वीर
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में डैरिल मिचेल ने निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने राजकोट वनडे में नाबाद 131 रन बनाए, जबकि इंदौर में खेले गए दूसरे मुकाबले में 137 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इन लगातार शानदार पारियों के दम पर मिचेल 845 रेटिंग अंकों के साथ वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए।
Also Read: सुनीता विलियम्स ने नासा में अपना सफर किया खत्म
वहीं, विराट कोहली 795 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। रोहित शर्मा को भी एक पायदान का नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि पहले वनडे के बाद कोहली ने रोहित को पछाड़कर नंबर-1 स्थान हासिल किया था, लेकिन सीरीज समाप्त होते ही ताजा रैंकिंग में मिचेल ने उन्हें पीछे छोड़ दिया।
टॉप-10 बल्लेबाजों में बदलाव, फिलिप्स की बड़ी छलांग
आईसीसी वनडे बैटर्स रैंकिंग में तीसरे स्थान पर अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान (764 अंक) मौजूद हैं, जबकि रोहित शर्मा 757 अंकों के साथ चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। शुभमन गिल पांचवें और बाबर आजम छठे स्थान पर बने हुए हैं।
न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स ने तीसरे वनडे में 88 गेंदों पर 106 रन की पारी खेलकर 16 स्थानों की लंबी छलांग लगाई और 20वें पायदान पर पहुंच गए। उन्होंने मिचेल के साथ 219 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। फिलिप्स को ऑलराउंडर्स रैंकिंग में भी 14 स्थान का फायदा हुआ और वह संयुक्त रूप से 31वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स रैंकिंग में भी असर
आईसीसी वनडे बॉलर्स रैंकिंग में न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल ने 6 स्थान की छलांग लगाकर 33वां स्थान हासिल किया। अफगानिस्तान के राशिद खान शीर्ष पर कायम हैं, जबकि इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर दूसरे और श्रीलंका के महीश तीक्षणा तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो कुलदीप यादव को चार स्थान का नुकसान हुआ है और वह सातवें पायदान पर खिसक गए हैं। मोहम्मद सिराज को एक स्थान का फायदा मिला है, जबकि रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी को रैंकिंग में गिरावट झेलनी पड़ी है।
ऑलराउंडर्स रैंकिंग में भारत के अक्षर पटेल टॉप-10 से बाहर हो गए हैं और 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई 334 रेटिंग अंकों के साथ नंबर-1 ऑलराउंडर बने हुए हैं।


More Stories
Pakistan Refuses to Play in India-Hosted World Cup! Mohsin Naqvi-Led PCB Takes a Major Call
Mona Agarwal, Avani Lekhara Win Gold and Silver for India at Asian Para Games
अर्शदीप सिंह का ऐतिहासिक कारनामा, T20I क्रिकेट में टिम साउदी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा