फुटबॉल वर्ल्ड कप 2022 के तीसरे दिन पहले ही मैच में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। टूर्नामेंट का पांचवां मुकाबला ग्रुप सी की अर्जेंटीना और सऊदी अरब के बीच खेला गया। इस मुकाबले के 10वें मिनट में ही अर्जेंटीना के स्टार लियोनल मेसी ने पहला गोल दागा और अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरू से ही मेसी की टीम हावी दिख रही थी। लेकिन दूसरे हाफ में जिस तरह सऊदी अरब ने वापसी की वो शानदार था। सालेह अलशेहरी और सालेम अल्दावसारी के गोल की बदौलत सऊदी ने मैच 2-1 से अपने नाम किया।
अर्जेंटीना का विजय रथ रुका
अर्जेंटीना की इस सनसनीखेज हार से उनकी लगातार 36 इंटरनेशनल जीत का क्रम भी टूट गया है। वह इटली (37 जीत) के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने से दो जीत दूर थे। लेकिन फीफा वर्ल्ड कप 2022 के पहले ही मैच में मेसी की टीम की इस हार ने उनकी चिंता बढ़ा दी हैं। इस हार के बाद सिर्फ अर्जेंटीना की टीम ही नहीं बल्कि उनके करोड़ों फैंस भी दुखी होंगे। ऐसे में मेक्सिको के खिलाफ होने वाला उनका अगला मैच अहम हो गया है। इस मैच में सऊदी अरब ने शानदार डिफेंस दिखाया और 70 प्रतिशत गेंद अर्जेंटीना के पजेशन में रहने के बावजूद मैच अपने नाम किया। अर्जेंटीना के स्ट्राइकर्स ने 6 गोल अटेम्प किए लेकिन सिर्फ एक सफल हुआ। वहीं सऊदी के दोनों शॉट सीधे गोल में गए।
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो 1 गोल के अंतर से हारने के बाद अर्जेंटीना की मुश्किलें यहां बढ़ गई हैं। उनका अगला मुकाबला अब मेक्सिको से होना है जो राउंड ऑफ 16 में जाने के लिए करो या मरो की जंग हो गई है। अगर यहां से ग्रुप स्टेज में टीम एक और मैच हारी तो वह यहीं से बाहर हो जाएगी। आपको बता दें कि कुल 32 टीमें इस बार हिस्सा ले रही हैं जो 8 ग्रुप में बांटी गई हैं। हर ग्रुप से टॉप 2 टीमें ही राउंड ऑफ 16 में जगह बनाएंगी। ऐसे में एक हार से दूसरी टीम की चिंताएं बढ़ सकती हैं क्योंकि यह फॉर्मेट काफी रोचक है।


More Stories
Tamil Nadu CM Disburses ₹15.68 Crore Film Subsidy to 224 Producers on Diwali
राजस्थान में दर्दनाक हादसा: सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, जानें कैसे हुआ हादसा
Gold and Silver Prices Rebound as MCX Gold Crosses Rs 1.39 Lakh Amid Festive Demand