महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लाडकी बहिन योजना को लेकर आश्वासन दिया है कि यह योजना राज्य में बिना किसी बाधा के जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार महिलाओं के कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। माना जा रहा है कि नवंबर में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन की बड़ी जीत में लाडकी बहिन योजना की अहम भूमिका रही। इस योजना के तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
भाजपा के साथ एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ठाणे में सोमवार की रात एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंदे ने कहा, ‘‘महायुति सरकार कभी भी लाडकी बहिन योजना को बंद नहीं होने देगी, प्रदेश में यह योजना बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।’’
महाराष्ट्र में रुकी हुई विकास परियोजनाएं जल्द होंगी पूरी: एकनाथ शिंदे
फडणवीस कैबिनेट में आवास एवं शहरी विकास विभाग का प्रभार संभाल रहे शिंदे ने कहा, ‘‘आज हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है क्योंकि हमें लोगों की सेवा करने का एक और मौका मिला है और हम ये करते रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि रुकी हुई विकास परियोजनाएं अब समय से पूरी की जाएंगी। कुछ 25 वर्षों से भी अधिक समय से लंबित हैं। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार द्वारा शुरू की गई क्लस्टर विकास योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह महाराष्ट्र सरकार की एक अनूठी पहल है जो किसी अन्य देश में नहीं है।
शिंदे ने योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘‘क्लस्टर योजना सभी प्रकार के पुनर्वास एवं विकास के लिए अहम योजना है जो यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को वह लाभ मिले जिसके वे हकदार हैं।’’ विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए शिंदे ने कहा कि महायुति की सरकार केवल तस्वीरें नहीं दिखाती, बड़ी-बड़ी घोषणाएं नहीं करती, बल्कि कारगर कदम उठाती है और उसे पूरा करती है।


More Stories
स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा
India’s Metro Network Expands From 248 Km to 1,200 Km in 12 Years: PM Modi
High Court Criticises ‘Loose Comments’ on Dia Mirza’s Diwali Ad, Directs BMC to Restore Video