लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भाषण लगातार हंगामे में घिरा रहा। डोकलाम मुद्दे पर पूर्व सेना प्रमुख मनोज नरवणे की कथित किताब और एक मैग्जीन लेख का हवाला देने पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने इसे नियमों के खिलाफ बताया और राहुल गांधी पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया। वहीं, स्पीकर ओम बिरला ने केवल प्रमाणिक और अधिकृत दस्तावेजों को ही कोट करने की हिदायत दी। करीब 44 मिनट तक शोरगुल और नोकझोंक चलती रही, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
डोकलाम की किताब पर टकराव
राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए की और इसके बाद डोकलाम मुद्दे पर पूर्व सेना प्रमुख मनोज नरवणे की कथित किताब का हवाला दिया। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति जताते हुए कहा कि पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है, इसलिए उसे सदन में उद्धृत करना नियमों के खिलाफ है। स्पीकर ओम बिरला ने भी ऑथेंटिक दस्तावेजों का ही उल्लेख करने को कहा।
जवाब में राहुल गांधी ने किताब के अंश दिखाते हुए इसे प्रमाणिक बताया और आरोप लगाया कि सरकार इसके प्रकाशन को रोक रही है। इस दौरान कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल राहुल गांधी के समर्थन में खड़े हुए, जबकि गृह मंत्री अमित शाह ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद मान रहे हैं कि किताब प्रकाशित नहीं हुई है, ऐसे में विवाद का कोई आधार नहीं बचता।
मैग्जीन आर्टिकल के बाद हंगामा
इसके बाद राहुल गांधी ने एक मैग्जीन आर्टिकल को कोट करने की कोशिश की, लेकिन इस पर भी सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध जताया। रक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह के संदर्भों की सदन में अनुमति नहीं दी जा सकती, जबकि अखिलेश यादव ने चीन से जुड़े मुद्दों को संवेदनशील बताते हुए चर्चा की जरूरत पर जोर दिया।
लगातार टोके जाने से नाराज़ राहुल गांधी ने कहा, “आप ही बता दीजिए मैं क्या बोलूं।” इसके बाद हंगामा और तेज हो गया। हालात बिगड़ते देख स्पीकर ने अगले वक्ता को बुलाया और अंततः लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
Also Read : 40 घंटे की हिंसा में पाकिस्तानी सेना को कितना नुकसान? BLA ने जारी किया पूरा ब्योरा


More Stories
Indian Developers to Present Projects at Moscow International Game Week
महाराष्ट्र के 1.5 करोड़ किसानों को इसी हफ्ते मिलेंगे 5,000 रुपये, CM फडणवीस ने दिए निर्देश
Odisha, Andhra Pradesh on High Alert as Severe Cyclonic Storm Arnab Approaches