खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी के आह्वान पर बुधवार को बड़ी संख्या में समर्थक पंजाब के मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए चंडीगढ़ पहुंच गए। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री आवास के आसपास भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
Also read: भोपाल में किसानों का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च; स्कूलों में अवकाश
सेक्टर-45 में बैरिकेडिंग, BNS की धारा 163 लागू
प्रशासन ने सेक्टर-45 चौक पर भारी बैरिकेडिंग की है और पूरे इलाके को कंटीले तारों से घेर दिया गया है। बैरिकेड्स पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू होने संबंधी सूचना भी लगाई गई है। चंडीगढ़ पुलिस के साथ पैरामिलिट्री बल लगातार इलाके में गश्त कर रहे हैं ताकि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
जानकारी के अनुसार प्रदर्शन में शामिल होने के लिए करीब 2 से 3 हजार समर्थक चंडीगढ़ पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ प्रदर्शनकारी शुरुआती बैरिकेडिंग पार कर शहर में प्रवेश करने में सफल रहे, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। मुख्यमंत्री आवास के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।
वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले तैयार
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी तैयार रखे हैं। जिस स्थान पर बैरिकेडिंग की गई है, वहां से मुख्यमंत्री आवास की दूरी करीब 200 मीटर बताई जा रही है। प्रशासन को आशंका है कि प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अमृतपाल सिंह पंजाब के खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। वह स्वयं को सिख धर्म प्रचारक बताते हैं, जबकि भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उन्हें खालिस्तान समर्थक विचारधारा से जुड़ा मानती हैं। उनके समर्थक उन्हें सिख अधिकारों की आवाज बताते हैं, जबकि आलोचकों का आरोप है कि उनकी गतिविधियां अलगाववाद को बढ़ावा देती हैं। अमृतपाल सिंह फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।


More Stories
Jio Platforms IPO Sets Global Record With Over 1 Crore Applications
Maharashtra Man Chased, Run Over and Beaten to Death on Busy Road; CCTV Captures Brutal Murder
Jio Platforms IPO में निवेशकों की भारी दिलचस्पी, तीसरे दिन सब्सक्रिप्शन 6 गुना के पार पहुंचा