देश में कोरोना के मामलों में इजाफा हुआ है और संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। आंकड़े बताते हैं कि देश में दो हफ्ते के अंदर 32 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी या इससे ज्यादा हो गया है। वहीं, 63 जिले ऐसे हैं, जहां पॉजिटिविटी रेट पांच से दस फीसदी के बीच है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में कोरोनावायरस के 1,573 नए मामले सामने आए हैं, जबकि सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 10,981 हो गई है। केरल में संक्रमण के चलते चार लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,30,841 हो गई है।
देश में इस वक्त डेली पॉजिटिविटी रेट 1.30 प्रतिशत है। मतलब जितने लोग कोरोना की जांच करा रहे हैं, उनमें 1.30 प्रतिशत लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। वीकली पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो ये 1.47 प्रतिशत दर्ज की गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक चार करोड़ 47 लाख 07 हजार 525 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 0.02 प्रतिशत मामले एक्टिव हैं, जबकि 98.79 प्रतिशत लोग ठीक हो चुके हैं। 1.19 प्रतिशत लोगों की संक्रमण के चलते मौत हो गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड टीके की 220.65 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
आंकड़े बताते हैं कि 32 ऐसे जिले हैं, जहां मौजूदा समय 10 प्रतिशत से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। आठ से 14 मार्च के बीच ऐसे नौ जिले थे। जबकि 15 जिलों में पांच से दस प्रतिशत तक पॉजिटिविटी रेट थी। 12 से 18 मार्च के बीच दस प्रतिशत या इससे अधिक वाले पॉजिटिविटी रेट वाले शहरों की संख्या 14 हो गई। इस दौरान 34 ऐसे जिले थे, जहां पांच से दस प्रतिशत के बीच पॉजिटिविटी रेट थी। 19 से 25 मार्च के बीच ऐसे शहरों की संख्या में तेजी बढ़ोतरी देखने को मिली। इस बीच, 32 ऐसे जिले हो गए जहां दस प्रतिशत या इससे अधिक पॉजिटिविटी रेट है, जबकि 63 जिलों में पांच से दस प्रतिशत के बीच पॉजिटिविटी रेट है।
सबसे अधिक पॉजिटिविटी रेट वाले जिलों में दिल्ली के चार जिले शामिल हैं। साउथ दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 13.8% है। ईस्ट दिल्ली में 13.1%, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में 12.3%, सेंट्रल दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 10.4% है।
दिल्ली के अलावा सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट वाले जिले महाराष्ट्र, केरल और गुजरात में हैं। आंकड़े बताते हैं कि केरल के वायनाड में कोविड की पॉजिटिविटी रेट 14.8% है, जबकि कोट्टयम में 10.5% है। इसी तरह महाराष्ट्र के सांगली में 14.6% और पुणे में 11.1% पॉजिटिविटी रेट है। गुजरात के अहमदाबाद जिले में 10.7% पॉजिटिविटी रेट है।
डॉक्टर्स का कहना है कि मौजूदा समय जो हालात हैं, वो ठीक पिछले साल जनवरी से मार्च की तरह हैं। तब भी तीसरी लहर के दौरान लोगों में कोरोना के समान लक्षण दिख रहे थे।


More Stories
Virat Kohli Scripts Never-Seen-Before History, Breaches 13000-Run Mark At No. 3 In ODIs
कैबिनेट का बड़ा फैसला, अग्निवीर अब 4 नहीं, 6 साल में होंगे सेवामुक्त, मिला 2 साल का एक्सटेंशन
Canva’s Layoff Package Revealed: MacBooks, LinkedIn Premium and Support for Ex-Employees