पाकिस्तान ने शुक्रवार को महिला एशिया कप टी20 क्रिकेट मैच में भारत को 13 रन से हराया. पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया के सामने 138 रनों का लक्ष्य रखा जिसके जवाब में भारतीय टीम 124 रन पर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान की स्टार खिलाड़ी निदा डार ने नाबाद 56 रन बनाने के अलावा दो विकेट भी झटका. उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर को पवेलियन भेजा. भारत की तरफ से ऋचा घोष के अलावा कोई भी बैटर खुलकर नहीं खेल सका.
इससे पहले निदा डार के नाबाद अर्धशतक के बावजूद पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ छह विकेट पर 137 रन ही बना सकी. पाकिस्तानी बल्लेबाजों का हालांकि चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ यह सुधरा प्रदर्शन रहा. उसे गुरुवार को थाईलैंड से हारकर उलटफेर का सामना करना पड़ा था. निदा ने अपने पांवों का अच्छा इस्तेमाल किया, विशेषकर स्पिनरों के खिलाफ. उन्होंने 37 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 56 रन बनाए. उनके अलावा पाकिस्तान की कप्तान बिसमाह मारूफ ने 32 रन का योगदान दिया. इन दोनों ने 58 गेंद में 76 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी भी निभाई.
भारतीय गेंदबाजों में दीप्ति शर्मा सबसे सफल रहीं जिन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए, दीप्ति ने पहले पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (17 रन) को स्टंप आउट कराया और फिर दो गेंद बाद ओमेमा सोहिल को शून्य पर पगबाधा आउट किया. बिस्माह भी आठ रन पर भाग्यशाली रहीं जब अंपायर ने राजेश्वरी गायकवाड़ की पगबाधा की अपील को ठुकरा दिया। वह पगबाधा आउट दिख रही थीं.
पाकिस्तान ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 61 रन बनाए. निदा ने पारी को कुछ लय प्रदान की, उन्होंने डी हेमलता पर एक चौका और एक छक्का जड़ा जिससे इस ओवर में 15 रन बने. दीप्ति के अलावा पूजा वस्त्राकर ने दो और रेणुका सिंह ने एक विकेट लिया. भारतीय क्षेत्ररक्षण भी कई मौकों पर लचर रहा जिसमें स्थानापन्न शेफाली वर्मा ने स्टंपिंग का आसान मौका भी गंवाया.


More Stories
SAFF Championship में आज भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, VETO पर मुफ्त देखें लाइव मुकाबला
Google Offers Voluntary Exit Packages to Employees in Five Countries, Seeks Workforce Reduction
Three-Storey Building Collapses Near Delhi Metro Station, 2 Dead