भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को मुंबई और आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाते हुए अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि प्रशासन बेहद खराब मौसम के कारण उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने की तैयारी कर ले. मौसम विभाग मुंबई की वरिष्ठ निदेशक शुभांगी भटे ने बताया कि रत्नागिरी जिले में शुक्रवार को अत्यधिक भारी वर्षा होने और शनिवार को रायगढ़ में ऐसी भी बारिश होने का अनुमान है. गौरतलब है कि रत्नागिरी जिले में पिछले महीने आये चक्रवातीय तूफान निसर्ग से भी काफी नुकसान हुआ था.
मुंबई के कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटे में 64.5 मिलीमीटर से 115.5 मिलीमीटर के बीच हुई वर्षा को भारी और 115.5 मिलीमीटर से 204.5 मिलीमीटर के बीच हुई बारिश को अत्यधिक भारी वर्षा माना जाता है. मौसम विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन और लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है.
इस बीच मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे घरों से बाहर ना निकलें. शहर पुलिस ने ट्वीट किया है, ‘अत्यधिक बारिश का अलर्ट. मौसम विभाग ने मुंबई में शुक्रवार और शनिवार को कई जगहों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का अनुमान जताया है. सभी लोगों को घर के भीतर रहने, अकारण बाहर नहीं निकलने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी जाती है.’


More Stories
ग्रेटर नोएडा में बालकनी से गिरकर पिता-पुत्र की मौत, फूल तोड़ते समय हुआ हादसा
PM Kisan 24th Installment: PM Modi Releases Rs 18,690 Crore to 9.34 Crore Farmers
BJP to Investigate Nagpur MLC Poll Loss, Examine Mahayuti Allies’ Campaign Efforts