जयपुर में चल रही भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस का नाम लिए बिना परिवारवाद की राजनीति को ही प्रमुखता देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये परिवारवादी पार्टियां आज भी देश को पीछे ले जाना चाहती हैं। उनका सार्वजनिक जीवन परिवार से शुरू होता है और सिर्फ परिवार के लिए ही होता है। बैठक को वर्चुअली संबोधित करते हुए मोदी करीब 43 मिनट बोले।
ऐसे लोगों को जोड़ें, जिनका परिवार राजनीति में नहीं
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें ऐसे लोगों को भाजपा में मौका देना है, उन्हें पार्टी से जोड़ना है, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। हमें याद रखना है कि परिवारवाद की राजनीति से धोखा खाने वाले लोगों का भरोसा भाजपा ही लौटा सकती है। परिवार-वंशवाद की राजनीति ने देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। लोकतंत्र बचाने के लिए परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ संघर्ष करना होगा।
वंशवादियों ने गांधी के विजन के विपरीत काम किया
उन्होंने कहा कि वंशवाद के राजनीतिक कीचड़ में भी हमने कमल को खिलाया है। आजादी के बाद से परिवारवाद-वंशवाद की राजनीति ने देश का भयंकर नुकसान किया है। महात्मा गांधी का देश में सिर्फ नाम लिया गया, काम उनके विजन से उल्टे किए गए। वे देश में स्वावलंबन चाहते थे, लेकिन सालों तक देश को विदेशों पर निर्भर बना दिया गया, लेकिन आज देश आत्मनिर्भरता के रास्ते पर चल पड़ा है। ये काम भाजपा ने ही किया है।
विकासवाद की राजनीति की स्थापना होनी चाहिए
मोदी ने कहा कि देश में विकासवाद की राजनीति की स्थापना होनी चाहिए। कोई भी दल हो, उसको भी विकासवाद की राजनीति पर आने के लिए मजबूर करना है। हम बड़े गर्व से कहते हैं कि यह भाजपा है, जिसने विकासवाद की राजनीति को देश की राजनीति की मुख्यधारा में लेकर आई है। कोई भी चुनाव हो, विकास पर विश्वास करने वाले लोग हों या समाज को तोड़ने की राजनीति करने वाले हों, चुनाव में हर किसी को विकास की बात करनी पड़ती है। कुछ लोगों ने विकास को भी विकृत रूप दे दिया है, ऐसे लोग समाज में तनाव को ढूंढकर जातिवाद, क्षेत्रवाद और अन्य मामले उठाकर अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं। ये लोग समाज की कमजोरियों के साथ खेल रहे हैं।
भाजपा ने देश को निराशा से बाहर निकाला
मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार की कोई जवाबदेही नहीं बची थी और लोगों को भी सरकार से उम्मीद नहीं थी। 2014 के बाद भाजपा देश को निराशा से बाहर निकालकर लाई है। देश का नागरिक अपनी आंखों के सामने परिणाम प्राप्त करना और परिणाम देखना चाहता है। राजनीतिक नफा-नुकसान से अलग इसे बहुत बड़ा सकारात्मक परिवर्तन मानता हूं। जब लोगों की उम्मीद बढ़ती है तो सरकार को काम करना अनिवार्य होता है।
भाजपा कार्यकर्ता को चैन से बैठने का हक नहीं
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता होने के नाते हमें चैन से बैठने का कोई अधिकार नहीं है
दुनिया कहेगी कि 18 राज्यों में भाजपा की सरकार है, 1300 से ज्यादा विधायक, 400 से ज्यादा सांसद हैं
इन सफलताओं को देखते हुए मन करेगा कि बहुत हो गया, लेकिन हमें सत्ता भोग ही करना होता तो कोई
भी आराम करने की सोच सकता है। यह रास्ता हमें मंजूर नहीं है। विजय पताका फहराने के बाद भी
हम बैचेन हैं, अधीर हैं, आतुर हैं, क्योंकि हमारा लक्ष्य भारत को ऊंचाई पर पहुंचाना है जिसका सपना देश की
आजादी के लिए मर मिटने वालों ने देखा था।
21 मई को प्रदेश संगठन मंत्री-महामंत्रियों की बैठक
कल अंतिम दिन सभी राज्यों के प्रदेश संगठन मंत्री-महामंत्री सुबह 9 बजे से बैठक शुरु करेंगे। शाम 4 बजे
तक बैठक रहेगी। इसके बाद एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पार्टी की ओर से जारी किया जा सकता है
तीन दिन की बैठक की पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिसके आधार पर पार्टी आने वाले दिनों में अपने
प्रोग्राम और अभियान तैयार करेगी।


More Stories
Will Trump’s Russia Oil Move Make Petrol and Diesel Cheaper in India?
1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का बच्चा, 39 घंटे बाद मौत
Prakash Raj Says India Is Neither Bangladesh Nor Nepal, Calls for Democratic Regime Change