बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स के पांचवें दिन भारत ने दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीते। लॉन बॉल्स के विमेंस फोर्स इवेंट में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर गोल्ड जीता। इसके बाद मेंस टेबल टेनिस टीम ने फाइनल में सिंगापुर को मात देकर सुनहरी कामयाबी हासिल की। बैडमिंटन के मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में भारत को मलेशिया से हार झेलने के कारण सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। वेटलिफ्टिंग में विकास ठाकुर ने मेंस 96 KG कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। भारत अब तक कुल 13 मेडल के साथ मेडल टैली में छठे स्थान पर है।
बैडमिंटन फाइनल का पहला मुकाबला मेंस डबल्स का खेला गया। इसमें चिया तेंग फोंग और सोह वूई यिक की मलेशियाई जोड़ी ने सात्विक साईराज रेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी को 21-18, 21-15 से हराया। इसके बाद डबल ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने विमेंस सिंगल्स का मैच जीतकर भारत को बराबरी पर ला दिया। सिंधु ने गोह जिन वेई को 22-20, 21-17 से हराया।
इसके बाद मेंस सिंगल्स मुकाबले में मलेशिया के योग जे ने भारत के किदांबी श्रीकांत को तीन गेम में 21-19, 6-21, 21-16 से हराया। विमेंस डबल्स में भी भारतीय जोड़ी को हार झेलनी पड़ी और इस तरह मलेशिया ने 3-1 की अजेय बढ़त के साथ गोल्ड पर कब्जा कर लिया।
इससे पहले भारत ने मेंस टेबल टेनिस के फाइनल में सिंगापुर को 3-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। जी साथियान और हरमीत देसाई ने अपने-अपने सिंगल्स मैच जीते। साथ ही साथ दोनों खिलाड़ियों ने बतौर जोड़ीदार डबल्स मुकाबला भी जीता।


More Stories
Odisha, Andhra Pradesh on High Alert as Severe Cyclonic Storm Arnab Approaches
Rahul Gandhi’s Convoy Cars Collide With Ambulance on UP Expressway
Jio Platforms IPO Sets Global Record With Over 1 Crore Applications