झारखंड की राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू ने इस चुनाव में पहली वरीयता वाले 2,824 वोट हासिल किए. वहीं, उनके प्रतिद्वंदी यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1,877 वोट मिले.
इस चुनाव में कुल 4,754 वोट पड़े, जिसमें से 4,701 वोट वैध थे, जबकि 53 अमान्य क़रार दिए गए. द्रौपदी मुर्मू आगामी 25 जुलाई को राष्ट्रपति के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी.
लेकिन उनके चुनाव जीतने के साथ ही बधाई संदेशों का सिलसिला शुरू हो गया है. उन्हें बधाई देने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, और गृहमंत्री अमित शाह से लेकर निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और इस राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार रहे यशवंत सिन्हा भी शामिल हैं.
द्रौपदी मुर्मू भारी अंतर से जीतीं
समाचार एजेंसी एएनआई ने राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी के हवाले से बताया, ”यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1,877 वोट मिले, जिसका मूल्य 3,80,177 रहा. द्रौपदी मुर्मू को पहली वरीयता के वोट, राष्ट्रपति चुने जाने के लिए ज़रूरी कोटे से ज़्यादा थे, इसलिए रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में मैं एलान करता हूं कि वो भारत के राष्ट्रपति पद के लिए चुन ली गई हैं.”
उन्होंने आगे बताया, ”परिणाम की घोषणा के साथ ही राष्ट्रपति का चुनाव अब पूरा हो गया है. इस चुनाव में कुल 4,754 वोट पड़े, जिसमें से 4,701 वोट वैध थे, जबकि 53 अमान्य.”
उनके अनुसार, ”द्रौपदी मुर्मू को इसमें से पहली वरीयता वाले 2,824 वोट मिले, जिसका मूल्य 6,76,803 रहा. वहीं राष्ट्रपति चुने जाने के लिए किसी उम्मीदवार को 5,28,491 मूल्य का कोटा हासिल करना था.” पीटीआई के अनुसार पीसी मोदी ने बताया कि इस चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को कुल वैध 64 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को 36 प्रतिशत वोट मिले.


More Stories
Indian Developers to Present Projects at Moscow International Game Week
महाराष्ट्र के 1.5 करोड़ किसानों को इसी हफ्ते मिलेंगे 5,000 रुपये, CM फडणवीस ने दिए निर्देश
Odisha, Andhra Pradesh on High Alert as Severe Cyclonic Storm Arnab Approaches