ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को वह अपना आखिरी वनडे मैच खेलेंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 145 वनडे मैच खेलने वाले एरोन फिंच इस फॉर्मेट में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। पिछली सात पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 26 रन निकले हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की एक प्रेस रिलीज के अनुसार फिंच ने कहा कि यह शानदार सफर रहा, जिसमें कई यादें भी बनीं।
फिंच ने कहा “कुछ शानदार वनडे टीमों का सदस्य बनकर मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं।” इसके साथ ही उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का भी आभार जताया। इसके बाद फिंच ने कहा कि यह नए कप्तान को मौका देने का समय है ताकि वह पूरी तैयारी कर सके और अगला विश्व कप जीत सके। मैं उन सभी लोगों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस स्तर पर मेरी मदद की और मेरा समर्थन किया।
टी20 विश्व कप में करेंगे कप्तानी
फिंच 2024 में होने वाले वनडे विश्व कप में टीम के कप्तान नहीं होंगे, लेकिन इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप में कंगारू टीम की अगुआई करेंगे। वनडे में उन्होंने 5400 रन बनाए हैं। इसमें 17 शतक भी शामिल हैं। उन्होंने साल 2013 में श्रीलंका के खिलाफ मेलबर्न के मैदान पर अपने करियर की शुरुआत की थी। वहीं, उनका पहला शतक स्कॉटलैंड के खिलाफ आया था। इस मैच में उन्होंने 148 रन की पारी खेली थी।
2018 में बने थे वनडे टीम के कप्तान
साल 2018 में बॉल टेंपरिंग का मामला आने के बाद स्टीव स्मिथ पर बैन लगा था और फिंच को ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम का नियमित कप्तान बनाया गया था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकली ने कहा “ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की तरफ से मैं एरोन फिंच को ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान के रूप में उनके शानदार योगदान के लिए बधाई देना चाहूंगा। एरोन एक प्रतिभावान और जुझारू खिलाड़ी हैं, जिनकी शानदार बल्लेबाजी को उनकी बेहतरीन कप्तानी ने और बेहतर बनाया। वनडे टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला उनके निस्वार्थ भाव को दर्शाता है। एरोन आगामी टी20 विश्व कप में टीम की कप्तानी करेंगे और मैं इसे लेकर बहुत खुश हूं। इस टूर्नामेंट में उनकी कप्तानी, अनुभव और रणनीति हमारे लिए टी20 विश्व कप के खिताब का बचाव करने के लिए अहम हैं।

More Stories
Supreme Court Allows Green Firecrackers in Delhi-NCR on November 7-8, Full Ban Returns From November 9
जज बनकर न्यायिक अधिकारी को धमकाने वाले सुकेश चंद्रशेखर को सुप्रीम कोर्ट से झटका, सजा पर रोक लगाने की याचिका खारिज
SC disposes of Ram Temple embezzlement petitions after Uttar Pradesh says charge sheet filed