फाइनल की होड़ से पहले ही बाहर हो चुकी टीम इंडिया ने एशिया कप में अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया है। भारत ने अपने आखिरी सुपर-4 मुकाबले में अफगानिस्तान को एकतरफा अंदाज में 101 रन से हरा दिया।
इस मैच का सबसे यादगार मोमेंट विराट कोहली का 71वां इंटरनेशनल शतक रहा। किंग कोहली ने करीब 3 साल (1020 दिन) बाद सेंचुरी जमाई है। टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उनका पहला शतक भी है। विराट की इस पारी के दम पर भारत ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 212 रन बनाए। रोहित शर्मा की गैरहाजिरी में कप्तानी कर रहे केएल राहुल ने 62 रन बनाए।
जवाब में अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 111 रन ही बना सकी। इब्राहिम जदरान ने 62 रन बनाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। अफगान टीम विराट कोहली के स्कोर से भी 11 रन पीछे रह गई।
2019 के बाद किंग कोहली की सेंचुरी
विराट ने करीब तीन साल (1020 दिन) बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक जमाया है। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में 23 नवंबर, 2019 को अपने करियर का 70वां शतक जमाया था। यह उनका टी-20 इंटरनेशनल में पहला शतक है। विराट कोहली अब सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक जमाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी पर आ गए हैं। दोनों के नाम 71-71 शतक हैं। 100 शतकों के साथ सचिन तेंदुलकर सबसे आगे हैं।


More Stories
Jio Platforms IPO Sets Global Record With Over 1 Crore Applications
Maharashtra Man Chased, Run Over and Beaten to Death on Busy Road; CCTV Captures Brutal Murder
Jio Platforms IPO में निवेशकों की भारी दिलचस्पी, तीसरे दिन सब्सक्रिप्शन 6 गुना के पार पहुंचा