March 10, 2026

Central Times

Most Trusted News on the go

मिसाइल

प्रतिबंधों की अनदेखी, उत्तर कोरिया का लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल परीक्षण

सियोल: वैश्विक प्रतिबंधों और अमेरिकी चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए किम जोंग उन की सेना ने एक बार फिर लंबी दूरी की रणनीतिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया। उत्तर कोरिया ने सोमवार को कहा कि उसने अपनी परमाणु निरोधक क्षमता को परखने के लिए समुद्र में कई क्रूज मिसाइलें दागीं

यह परीक्षण ऐसे समय किया गया है, जब उत्तर कोरिया ने अपनी पहली परमाणु ऊर्जा से संचालित पनडुब्बी के निर्माण में अहम प्रगति दिखाई है। इस कदम से एशिया से लेकर यूरोप और अमेरिका तक चिंता बढ़ गई है

उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, रविवार को पश्चिमी तट से किए गए इन मिसाइल परीक्षणों पर किम जोंग उन ने संतोष जताया। उन्होंने इसे देश की परमाणु निरोधक क्षमता की विश्वसनीयता साबित करने और बाहरी सुरक्षा खतरों के खिलाफ आत्मरक्षा का अधिकार बताया।

यह भी पढ़ें: फ्रॉन्क्स की ‘मार्केट पर कब्ज़ा’ करने वाली SUV हुई टैक्स-फ्री, खरीदारों को ₹1.05 लाख तक की सीधी बचत

परमाणु निरोधक क्षमता के प्रदर्शन के लिए उत्तर कोरिया ने समुद्र में दागीं रणनीतिक क्रूज मिसाइल

विशेषज्ञों का कहना है कि किम जोंग उन पहले ही सेना को युद्ध की तैयारी के निर्देश दे चुके हैं। भले ही किसी देश के नाम की आधिकारिक घोषणा न की गई हो, लेकिन संकेत साफ हैं कि उत्तर कोरिया अपनी सैन्य ताकत अमेरिका और उसके सहयोगी दक्षिण कोरिया के खिलाफ मजबूत कर रहा है

इन मिसाइल परीक्षणों को आगामी वर्कर्स पार्टी कांग्रेस से पहले हथियारों के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। यह कांग्रेस पांच साल बाद होने जा रही है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।

दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि उन्हें रविवार सुबह उत्तर कोरिया की राजधानी क्षेत्र से कई क्रूज मिसाइल लॉन्च किए जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दक्षिण कोरिया, अमेरिका के साथ मिलकर किसी भी उकसावे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है

हालांकि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव उत्तर कोरिया को बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षणों से रोकते हैं, लेकिन क्रूज मिसाइल परीक्षणों पर रोक नहीं है। इसके बावजूद, ये मिसाइलें कम ऊंचाई पर उड़ने और रडार से बचने की क्षमता के कारण अमेरिका और दक्षिण कोरिया के लिए गंभीर खतरा मानी जाती हैं

विश्लेषकों का मानना है कि संघर्ष की स्थिति में उत्तर कोरिया इन क्रूज मिसाइलों का इस्तेमाल अमेरिकी युद्धपोतों और विमानवाहक पोतों को निशाना बनाने के लिए कर सकता है। हाल के दिनों में उत्तर कोरिया ने एंटी-एयर मिसाइलों का भी परीक्षण किया है और परमाणु पनडुब्बी को परमाणु हथियारों से लैस करने के संकेत दिए हैं

यह भी पढ़ें: चीन ने दो देशों के साथ मिलकर पड़ोसी देश के जामताड़ा इलाके पर कार्रवाई, 454 इमारतें ढहाईं और सैकड़ों को किया डिपोर्ट