
देशभर में भारी बारिश से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने MP-राजस्थान में मंगलवार तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. MP के कई जिलों में पिछले 48 घंटे से तेज बारिश हो रही है. भोपाल, जबलपुर, उमरिया, मंडला और डिंडौरी में सोमवार को स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है. भोपाल में सुबह 8:30 से रात 8:30 बजे तक 12 घंटे में 4 इंच से ज्यादा बारिश हो गई। यहां सीजन में बारिश का कुल आंकड़ा 56.44 इंच पर पहुंच गया। 2016 में पूरे सीजन में 56.58 इंच बारिश हुई थी, जो कि एक रिकॉर्ड है।
अब देश के अन्य राज्यों में बारिश की स्थिति जान लीजिए…
MP: भोपाल-जबलपुर समेत कई जिलों में आज स्कूलों में छुट्टी

भोपाल में प्रशासन ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है। भोपाल में मानसून की इस सीजन में अब तक 55 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। जबलपुर, उमरिया , मंडला और डिंडौरी में भी सोमवार को स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है।
राजगढ़ के ब्यावरा में लगातार बारिश से हालात बिगड़े नजर आए। शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। जिसके बाद नगर निगम, पुलिस और प्रशासन समेत अन्य टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। रविवार तक करीब 25-30 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
पिछले 24 घंटे के भीतर उमरिया में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां पर 142 MM यानी करीब छह इंच बारिश हो गई। सीधी में चार इंच और गुना में तीन इंच के करीब बारिश हुई।
राजस्थान: जयपुर सहित 26 जिलों में आज बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र जयपुर ने 22 अगस्त को झालावाड़, प्रतापगढ़ और बारां में बहुत ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कोटा, बूंदी, टोंक, सवाईमाधोपुर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, पाली में ऑरेंज अलर्ट है। यहां 8 इंच से ज्यादा (205 मिलीमीटर तक) बरसात होगी। भीलवाड़ा, राजसमंद, सिरोही, अजमेर, जयपुर, दौसा, करौली, अलवर, सीकर, नागौर, बीकानेर, जोधपुर में 4 इंच से ज्यादा ( 65 से 115 मिलीमीटर तक) बारिश होगी।
23 अगस्त को उदयपुर, सिरोही, पाली, जालोर, बाड़मेर, जैसलमेर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। डूंगरपुर, राजसमंद, नागौर,जोधपुर में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। 24 अगस्त को जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर, जोधपुर में भी यलो अलर्ट है।
UP: प्रयागराज में बाढ़ से 50 हजार छात्रों ने लॉज छोड़ा
मौसम विभाग ने 42 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें 26 जिलों में यलो अलर्ट और 16 जिलों में रेड अलर्ट है। रेड अलर्ट वाले जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे और यलो अलर्ट वाले जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
रविवार को प्रयागराज में गंगा किनारे के सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है। 50 हजार छात्र लॉज छोड़ कर चले गए हैं। इसके अलावा 10 हजार से ज्यादा परिवार इससे प्रभावित हुए हैं।
बिहार: छपरा में बालू लदी 6 नाव गंगा नदी में डूबीं

बिहार के 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पटना में बारिश का दौर जारी है। इसके साथ ही अगले 24 घंटे में तेज हवा और आकाशीय बिजली की भी संभावना जताई गई है। इधर, भोजपुर और पटना में गंगा नदी उफान पर है। गंगा खतरे के निशान के पास पहुंच गई है।

More Stories
पीएम मोदी ने एकतानगर को दी Rs 400 करोड़ की सौगात, कई पर्यटन परियोजनाओं का किया उद्घाटन
Missing Indian-Origin Woman Found Dead in California Canal After Two Months
Maharashtra Suspends Four FDA Officials Over Lapses in Hookah Tobacco Regulation