निर्देशक एस.एस. राजामौली की फिल्म ‘‘आरआरआर’’ (RRR) जापान में सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है. फिल्म निर्माताओं ने शुक्रवार को यह घोषणा की. ‘‘आरआरआर’’ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक पोस्टर साझा किया गया, जिसमें लिखा है कि गोल्डन ग्लोब के लिए नामित फिल्म ने जापान में 21 अक्टूबर को रिलीज होने के बाद से 41 करोड़ येन से अधिक की कमाई की है.
इसमें कहा गया है, ‘‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ‘आरआरआर‘ अब जापान में सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है. हमारे अभिनेताओं और निर्देशकों पर प्यार लुटाने के लिए आप सभी का आभार.”
12 मार्च को रिलीज हुई ‘‘आरआरआर’’ ने दुनियाभर के सिनेमाघरों में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है. फिल्म का हिंदी संस्करण 20 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ था और जल्द ही यह फिल्म दुनिया भर में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भारत की सबसे लोकप्रिय फिल्म बन गई.
ग्लोडन ग्लोब में गैर अंग्रेजी भाषा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए मिला नॉमिनेशन
बता दें इससे पहले एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ को ‘गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड’ में गैर अंग्रेजी भाषा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नामांकित किया गया है. ‘हॉलीवुड फोरेन प्रेस एसोसिएशन’ (एचएफपीए) ने सोमवार शाम ‘गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स’ के आधिकारिक ट्विटर पेज पर यह खबर साझा की.
‘आरआरआर’ का मुकाबला, कोरियाई फिल्म ‘ डिसिजन टू लीव’, जर्मन फिल्म ‘ ऑल क्वाइट ऑन वेस्टर्न फ्रंट’, अर्जेंटीना की फिल्म ‘अर्जेंटीना, 1985’ और फ्रांसीसी-डच फिल्म ‘ क्लोज़’ से है. इस बीच फिल्म के संगीतकार एम. एम. कीरवानी को ‘लॉस एंजिलिस फिल्म क्रिट्स एसोसिएशन’ का (एलएएफसीए) सर्वश्रेष्ठ संगीत निदेशक का पुरस्कार मिला है. कीरवानी ने ‘आरआरआर’ में सात मूल गानों को संगीत दिया है.


More Stories
Shehzad Poonawalla Crowned Rise & Fall 2 Winner, Announces Prize Money Donation for Flood Relief
SAFF Championship में आज भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, VETO पर मुफ्त देखें लाइव मुकाबला
Google Offers Voluntary Exit Packages to Employees in Five Countries, Seeks Workforce Reduction