तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 86 वर्षीय उद्योगपति की उनके ही पोते ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि संपत्ति विवाद के कारण यह हत्या हुई। पुलिस ने रविवार को घटना की जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 6 फरवरी की रात को हुई, जब आरोपी के. कीर्ति तेजा (28) ने अपने दादा वी. सी. जनार्दन राव पर चाकू से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। राव पर कई बार चाकू से वार किए गए। वह वेलजन समूह के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (CMD) थे।
बेटे ने मां पर भी चाकू से किया हमला
पंजागुट्टा पुलिस ने बताया कि जब आरोपी की मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसने उन्हें भी चाकू मार दिया। इससे आरोपी की मां घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के दूसरे इलाके में रहने वाले तेजा और उसकी मां गुरुवार को सोमाजीगुडा में वी. सी. जनार्दन राव के घर गए थे। अधिकारियों ने बताया कि जब तेजा की मां कॉफी लाने गईं, तभी तेजा और राव के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर बहस शुरू हो गई।
संपत्ति देने से इनकार करने का आरोप
अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि बहस के दौरान ही तेजा ने चाकू निकाला और अपने दादा पर हमला कर दिया। तेजा ने आरोप लगाया कि बचपन से ही उसके प्रति दादा का व्यवहार ठीक नहीं था और वह संपत्ति बांटने से ‘इनकार’ कर रहे थे। जब पुलिस अधिकारियों से पूछा गया कि जनार्दन राव पर कथित तौर पर 70 से अधिक बार चाकू से वार किया गया, तो उन्होंने कहा कि चाकू के कई घाव थे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सटीक संख्या की पुष्टि की जाएगी।
अमेरिका से पढ़ाई करके लौटा था वापस
अधिकारियों ने कहा कि आरोपी हाल में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका से हैदराबाद लौटा था। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में जांच की जा रही है। वेलजन की वेबसाइट के अनुसार, 1965 में स्थापित कंपनी को जहाज निर्माण, ऊर्जा, मोबाइल और औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए पूर्ण समाधान प्रदान करने में विशेषज्ञता हासिल है।


More Stories
दिवाली और छठ पर घर जाने वालों की भीड़ से रेलवे स्टेशन फुल, RPF तैनात और AI कैमरों से निगरानी तेज़।
Shehzad Poonawalla Crowned Rise & Fall 2 Winner, Announces Prize Money Donation for Flood Relief
बीजापुर में माओवादी विरोधी अभियान को बड़ी सफलता, जंगल से ग्रेनेड लॉन्चर के 711 गोले बरामद किए गए