हरियाणा के गुरुग्राम में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दिनदहाड़े सरेआम एक डिलीवरी बॉय के अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही गुरुग्राम पुलिस ने बिना देरी किए मोर्चा संभाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित युवक मूल रूप से भिवानी जिले का निवासी है और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर कार्यरत है। घटना 21 जनवरी की शाम की है, जब करीब 5:20 बजे वह अपने साथी पंकज के साथ डिलीवरी पूरी कर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह एसबीआई रोड पर स्थित सुजुकी कंपनी के पास पहुंचा, तभी एक स्विफ्ट कार ने अचानक उसकी बाइक के आगे गाड़ी अड़ा दी।
कुछ ही सेकेंड में एक दूसरी कार भी मौके पर आ पहुंची। दोनों कारों से उतरे जयबीर, अमन और उनके अन्य साथियों ने पीड़ित को जबरन बाइक से नीचे खींच लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की, उसे जमीन पर घसीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पीड़ित मदद की गुहार लगाता रहा।
यह भी पढ़ें-बच्चों की एकाग्रता कैसे बढ़ाएं? यहां जानें Concentration पावर बढ़ाने का तरीका
गुरुग्राम में दिनदहाड़े डिलीवरी बॉय का अपहरण, पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से दबोचा
इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गए और कार लेकर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर अमन और जयबीर को कार सहित काबू कर लिया। पुलिस ने तुरंत पीड़ित युवक को सुरक्षित छुड़ाया और उसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी जयबीर ने पुलिस को बताया कि पीड़ित उसका परिचित है। उसने दावा किया कि वर्ष 2024 में उसने अपना ट्रक बेचकर करीब 6 लाख 50 हजार रुपये हासिल किए थे, जिन्हें उसने अपनी कार में रखा था। आरोपियों का दावा है कि पीड़ित ने वह रकम चोरी कर ली थी और लगातार मांग के बावजूद पैसे वापस नहीं कर रहा था। इसी कथित रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक को डराने-धमकाने और रकम वसूलने के इरादे से अपहरण की साजिश रची।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित के साथी पंकज ने समय रहते पुलिस को सूचना दी, जिससे एक बड़ा अपराध होने से टल गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले में सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें-कोहली ने अपनी बल्लेबाज़ी में क्या बदलाव किए कि पुरानी चमक लौट आई


More Stories
SAFF Championship में आज भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, VETO पर मुफ्त देखें लाइव मुकाबला
Google Offers Voluntary Exit Packages to Employees in Five Countries, Seeks Workforce Reduction
Three-Storey Building Collapses Near Delhi Metro Station, 2 Dead