March 10, 2026

Central Times

Most Trusted News on the go

8वें

8वें वेतन आयोग से सैलरी बढ़ोतरी की उम्मीद, 31 मार्च का इंतजार जारी

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच इन दिनों 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लाखों कर्मचारी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार कर रहे हैं। सरकार पहले ही 8वें वेतन आयोग के गठन की घोषणा कर चुकी है। इसलिए कर्मचारियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में सैलरी और भत्तों में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल वेतन आयोग अपनी प्रक्रिया पर काम कर रहा है। माना जा रहा है कि आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने में करीब 18 महीने लग सकते हैं। इसके बाद रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी और उस पर समीक्षा की जाएगी। फिर सैलरी, भत्तों और अन्य सुविधाओं को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

वहीं जब तक 8वें वेतन आयोग की नई सिफारिशें लागू नहीं होतीं, तब तक कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता (DA) पुराने फॉर्मूले से ही तय होगा। दरअसल सरकार फिलहाल मौजूदा व्यवस्था को जारी रखेगी। इस व्यवस्था में महंगाई के आंकड़ों के आधार पर डीए बढ़ाया जाता है। इसलिए कर्मचारियों को अभी उसी पैटर्न के अनुसार भत्ता मिलता रहेगा। हालांकि कर्मचारियों को उम्मीद है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने के बाद सैलरी, भत्तों और अन्य सुविधाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसी कारण कर्मचारी लगातार 8वें वेतन आयोग से जुड़े अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं।

8वें वेतन आयोग में मार्च में डीए बढ़ोतरी पर फैसला

अगर पिछले वर्षों का ट्रेंड देखें तो जनवरी से जून की अवधि के लिए डीए पर फैसला आमतौर पर होली के आसपास लिया जाता रहा है। कई बार यह घोषणा होली के एक-दो दिन बाद भी हुई है। हालांकि इस बार अब तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसलिए कर्मचारियों के बीच इंतजार बढ़ गया है। अब माना जा रहा है कि सरकार मार्च महीने में इस पर फैसला ले सकती है। अगर ऐसा होता है तो केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जल्द ही राहत मिल सकती है।

दरअसल केंद्र सरकार हर साल दो बार महंगाई भत्ते में संशोधन करती है। पहला संशोधन जनवरी से लागू होता है, जबकि दूसरा जुलाई से प्रभावी होता है। यह फैसला महंगाई और AICPI इंडेक्स के आंकड़ों पर आधारित होता है। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 के लिए डीए में करीब 2% बढ़ोतरी का अनुमान है। अगर यह बढ़ोतरी लागू होती है तो मौजूदा 58% डीए बढ़कर लगभग 60% तक पहुंच सकता है। इसके अलावा कर्मचारियों को दो महीने का एरियर भी मिलने की संभावना है। इसलिए मार्च के अंत में आने वाली सैलरी में बढ़ा हुआ डीए और एरियर दोनों जुड़ सकते हैं।

Also Read : गैस संकट गहराया: मुंबई के 20% होटल बंद होने की नौबत

1 जनवरी 2026 से लागू हो सकती हैं सिफारिशें

केंद्र सरकार ने पिछले साल जनवरी में 8वें वेतन आयोग के गठन का ऐलान किया था। इसके बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए नवंबर महीने में आयोग की टीम का गठन किया गया। वहीं फरवरी 2026 में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू कर दी गई। इस वेबसाइट के माध्यम से कर्मचारी, विशेषज्ञ और अन्य हितधारक अपने सुझाव दे सकते हैं। साथ ही आयोग से जुड़े अपडेट भी यहां उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों को इसकी प्रगति की जानकारी मिलती रहती है।

विशेषज्ञों के अनुसार आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने में लगभग 18 महीने का समय लग सकता है। हालांकि सरकार इन सिफारिशों को पूरी तरह लागू करने के लिए बाध्य नहीं होती, लेकिन आमतौर पर आयोग के अधिकतर सुझाव स्वीकार कर लिए जाते हैं। माना जा रहा है कि जब भी ये सिफारिशें लागू होंगी, उन्हें 1 जनवरी 2026 से बैकडेट में प्रभावी किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो कर्मचारियों की सैलरी, महंगाई भत्ता और अन्य भत्तों में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा हो सकता है।

Also Read : पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल आरएन रवि की नियुक्ति पर सियासी घमासान