नई दिल्ली: अभिनेता राजपाल यादव पिछले कई वर्षों से आर्थिक लेनदेन से जुड़े कानूनी विवादों का सामना कर रहे हैं। कुछ मामलों में उनके खिलाफ अदालत में मुकदमे चल रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर भी कुछ लोगों द्वारा उनके नाम के चेक साझा कर कथित बकाये का दावा किया गया है। इन विवादों और उन पर लगे आर्थिक आरोपों को लेकर राजपाल यादव ने एनडीटीवी से बातचीत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक फिल्म, थिएटर, खेती और अन्य कामों से जुड़े रहने के दौरान उनका कई लोगों के साथ आर्थिक लेनदेन हुआ है।
एक समय 50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी बकाये की रकम
राजपाल यादव ने कहा कि करीब चार दशक के करियर में उन्होंने हजारों नाटक किए, अलग-अलग किरदार निभाए और बड़ी संख्या में लोगों के साथ काम किया। उनके मुताबिक, इस दौरान कई लोगों को पैसे दिए भी गए और कई लोगों से पैसे लिए भी गए। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर काम करने में कभी-कभी आर्थिक नुकसान भी होता है और कई बार कर्ज या बकाया रकम चढ़ जाती है, जिसे बाद में कमाकर चुकाना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नाम से जारी किए गए चेक और किए गए समझौते इस बात का संकेत हैं कि लेनदेन औपचारिक तरीके से किया गया था।
जब उनसे पूछा गया कि पिछले 25 वर्षों में उनका कुल कितना पैसा बकाया रह गया है, तो राजपाल यादव ने अनुमान लगाया कि करीब 25 से 30 करोड़ रुपये की रकम अभी बाकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस राशि में अदालत में चल रहे मामले समेत सभी बकाये शामिल हैं। अभिनेता ने बताया कि एक समय यह रकम करीब 50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी, लेकिन समय के साथ उन्होंने कई मामलों और देनदारियों को निपटाया। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों में उन्हें अलग-अलग जगहों पर लगभग 30-35 मुकदमों का सामना भी करना पड़ा है।
Also read: 10वीं के छात्रों ने प्रिंसिपल पर किया जानलेवा हमला, iPhone और आखिरी कॉल से सामने आया राज
मदद करने वालों का जताया आभार, रकम लौटाने का दिया भरोसा
राजपाल यादव ने कहा कि उनकी कोशिश हमेशा यह रही है कि जिन लोगों से उन्होंने पैसे लिए हैं, उनकी रकम सम्मान के साथ वापस की जाए। उन्होंने कहा कि उनका परिवार कभी किसी व्यक्ति को फोन कर पैसे लौटाने के लिए दबाव नहीं बनाता, क्योंकि उनका मानना है कि आर्थिक लेनदेन में फंसने वाला व्यक्ति अक्सर किसी काम या कारोबार के लिए पैसा लेता है। अभिनेता ने इसे कारोबार और पैसे के सर्कुलेशन का हिस्सा बताते हुए कहा कि अगर लेनदेन व्यवस्थित तरीके से चलता रहे तो इससे कई लोगों के घर और कारोबार चलते हैं।
बातचीत के दौरान राजपाल यादव से उन खबरों पर भी सवाल किया गया, जिनमें दावा किया गया था कि कानूनी मुश्किलों के दौरान कलाकारों और अन्य लोगों की मदद से उनके पास करीब 70-80 करोड़ रुपये आए थे। इस पर अभिनेता ने मदद करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों और युवाओं तक कई लोगों ने उनका साथ दिया और इसी वजह से वह हौसले के साथ खड़े हैं। हालांकि, उन्होंने इस रकम को लेकर कोई स्पष्ट आंकड़ा नहीं बताया और कहा कि लोगों से मिली मदद का उचित इस्तेमाल किया गया है और वह रकम वापस भी की जाएगी।
Also read: लखनऊ में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप, पत्नी और बहन की हत्या के बाद पति ने की खुदकुशी


More Stories
अलवर में मां ने दो बच्चों की हत्या कर की आत्महत्या, बचाने आई बहन घायल
Mona Agarwal, Avani Lekhara Win Gold and Silver for India at Asian Para Games
Economist Who Predicted 2008 Financial Crisis Warns India Must Accelerate Growth to Create Jobs