मध्य प्रदेश के इंदौर में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाईपास पर रालामंडल के पास तेज रफ्तार नेक्सन कार एक खड़े ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पीछे से ट्रक में जा घुसी और टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें तीन युवतियां और एक युवक शामिल थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इंदौर में तेज रफ्तार नेक्सन कार के खड़े ट्रक से टकराने से रालामंडल बाईपास पर हुआ हादसा, जन्मदिन पार्टी से लौट रहे चार दोस्तों में तीन की मौत, एक गंभीर घायल
इस दुर्घटना में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल और मनसिंधु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार में सवार चौथी युवती अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि सभी युवक-युवतियां प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर पार्टी से लौट रहे थे। देर रात होने के कारण सड़क पर ट्रक खड़ा था और तेज रफ्तार के चलते कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही तेजाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शवों को कार से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में गहरा शोक और मातम का माहौल देखने को मिला।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, रिश्तेदार और परिचित एमवाय अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि ट्रक किन परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़ा था। (रिपोर्ट: भरत पाटिल)


More Stories
SAFF Championship में आज भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, VETO पर मुफ्त देखें लाइव मुकाबला
Google Offers Voluntary Exit Packages to Employees in Five Countries, Seeks Workforce Reduction
Three-Storey Building Collapses Near Delhi Metro Station, 2 Dead